Monday, April 20, 2020

कोरोनावायरस संक्रमण के बाद का भारत



दुनिया के सामने कोरोनावायरस संक्रमण का अब तक चार महीने का अनुभव सामने है। उपलब्ध जानकारियाँ और विभिन्न देशों की गतिविधियां बता रही हैं कि अगले दो या तीन हफ्ते में देश और दुनिया का कार्यकलाप धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगेगा। इस दौरान पूरी दुनिया ने जो चीज एक साथ झेली है वह है ‘‘लॉकडाउन” और जो सीखी है वह है ‘‘पुलिस के नियंत्रण” में रहना। मैं कोरोनावायरस के संकट को कमतर नहीं आंक रहा लेकिन इस संकट के नाम पर उत्पन्न खतरे की ओर आपका ध्यान खींचना चाह रहा हूँ। मैं अपनी बात भारत के सन्दर्भ में रखूंगा लेकिन दुनिया में जो ‘‘कोरोनावायरस संक्रमण काल” का परिदृश्य है उस पर भी आपका ध्यान आकृष्ट करूंगा।
भारत में कोरोनावायरस का प्रवेश
भारत ने 30 जनवरी 2020 को कोरोनावायरस संक्रमण का पहला मामला चीन के वुहान से लौटे भारतीय छात्र में पाया गया। यह छात्र केरल का रहने वाला था। 3 फरवरी तक संक्रमित लोगों की संख्या तीन हो गई थी। मार्च आते आते कोरोनावायरस संक्रमित लोग भारत में 1000 तक पहुंच गए। 2 अप्रैल को यह संख्या 2000 को पार कर गई। 4 अप्रैल तक 3000 और 19 अप्रैल को 15,712 संक्रमण और 507 मौतें दर्ज हो गई थीं। इस बीच देश में सत्ता की राह पर साम्प्रदायिक सोच वाली मीडिया ने यह समाचार चलाया कि भारत में कोरोनावायरस संक्रमण मुसलमानों के तबलीगी जमात से फैल रहा है। हालांकि इससे पहले 7 मार्च को इटली और जर्मनी से लौटे सिख समुदाय के एक धार्मिक समूह के 27 लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव पाए गए थे। ऐसे ही 5 मार्च को आगरा में ताजमहल देखने आए विदेशियों में से 5 लोग कोरोना संक्रमित थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 18 जनवरी से 23 मार्च तक विदेशों से 15 लाख यात्री भारत आए।
देश में लॉकडाउन
24 मार्च 2020 को रात्रि 8.00 बजे ‘‘राष्ट्र के नाम सम्बोधन” के बहाने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की जब घोषणा की थी तब लगभग 10 करोड़ लोग देश में विभिन्न राज्यों में अस्थाई रूप से रह रहे थे। ये लोग अचानक इतनी लम्बी तालाबन्दी से आशंकित हो गए और येन-केन-प्रकारेण अपने घर लौट जाने के लिये तत्पर हो गए। अफरा-तफरी में में कोई्र 25 लाख मजदूर तो अपने छोटे बच्चे, पत्नी और सामान के साथ 1000,1500 कि.मी. लम्बी यात्रा पर पैदल ही निकल पड़े। पुलिस के डण्डे, बारिश, भूख और डर के साथ देश के लगभग सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर मजबूर मजदूरों का काफिला 71 वर्ष पूर्व बंटवारे के विस्थापन की याद दिला गया। काफी लोग जहां थे वहीं अटक गए। पुलिस का खौफ और राज्य सरकारों के दिलासा के झांसे में उन्हें रुकना पड़ा। कोई और चारा भी नहीं था। स्थिति तब और विस्फोटक हो गई जब प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन को बढ़ाकर 3 मई तक कर दिया। सूरत, मुम्बई में लोग रेलवे स्टेशन पर जमा हो गए। बिना किसी पूर्व तैयारी के घोषित इस ‘‘तात्कालिक इमरजेन्सी” का देश के 15 करोड़ प्रवासियों, मजदूर और लोगों पर बहुत बुरा असर पड़ा। इस बीच गुजरात, दक्षिण भारत और उत्तर प्रदेश के सम्पन्न मध्यवर्ग को लग्जरी बसों में भरकर पुलिस की निगरानी में उनके गणतव्य तक पहुंचाया भी गया। लॉकडाउन में विदेशी सैलानियों के इण्डिया गेट पर भ्रमण की भी खबरें हैं। प्राचीन भारत में जैसे वर्ण व्यवस्था मजबूत थी वैसे ही अब यहां वर्ग व्यवस्था जड़ जमा रही है। आर्थिक उदारीकरण और वैश्वीकरण ने अमीरी और गरीबी के बीच खाई को बहुत बढ़ा दिया है। विगत कुछ वर्षों में यहाँ साम्प्रदायिक धु्रवीकरण के तेज होने से एक सम्प्रदाय विशेष (मुस्लिमों) में असुरक्षा एवं आक्रोश काफी बढ़ा है। संविधान की धज्जियां उड़ाकर गरीब मुसलमानों एवं दलितों पर दबंगों के हमले बढ़े हैं और हमलावरों को राजनीतिक संरक्षण मिलने से समाज में कटुता और अविश्वास भी गहराया है। देश में लॉकडाउन और कोरोनावायरस संक्रमण के सन्दर्भ में भी साम्प्रदायिक विद्वेष, गरीबों की उपेक्षा और उन पर पुलिसिया जुल्म तथा सरकारी लापरवाही बड़े पैमाने पर देखा गया है। अब भी जो लोग अपने घर नहीं पहुंच सके और जहां भी फंसे हुए हैं वे सरकारी कुव्यवस्था के शिकार हैं और भूख, अभाव तथा अव्यवस्था में जीने को मजबूर हैं। लॉकडाउन के सरकारी पैकेज में 1.70 लाख करोड़ रुपये में 10 फीसद भी इन बहुसंख्यक गरीब मजदूरों के लिए नहीं हैं। सरकार के रवैये और अब तक की घोषणा से देश का लगभग 40 करोड़ श्रमिक, किसान संतुष्ट नहीं है। उसे आगे की जिन्दगी का अंधेरा परेशान कर रहा है।
लॉकडाउन के साइड इफेक्ट
भारत में असंगठित क्षेत्र देश की करीब 94 फीसद आबादी को रोजगार देता है और देश की अर्थव्यवस्था में इसका 45 फीसद योगदान है। लॉकडाउन की वजह से असंगठित क्षेत्र पर बुरी मार पड़ी है। रातों रात लाखों लोगों के रोजगार छिन गए हैैं। खेती किसानी की स्थिति भी अच्छी नहीं हैं। यह समय खेती के लिये बेहद महत्त्वपूर्ण है। नई फसल तैयार है लेकिन खेतों को मजदूर नहीं मिल रहे हैं। माल की ढुलाई बन्द होने से अनाज और कृषि उपज काफी बरबाद हो रही है। भारत की कुल आबादी का 58 फीसद हिस्सा खेती पर निर्भर है और देश की अर्थव्यवस्था में कृषि का 256 बिलियन डालर का योगदान है। यह अन्दाजा नहीं लगाया जा रहा है कि मौजूदा हालात में अर्थव्यवस्था को कितना नुकसान होगा? कुछ और अलग-अलग सेक्टर के अध्ययन भी आए हैं। जैसे सेन्टर फॉर एशिया पैसिफिक एविएसन (सीएपीए) के अनुमान के अनुसार एविएशन इन्डस्ट्रीज को करीब 4 अरब डालर का नुकसान झेलना पड़ेगा। इसका असर टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी उद्योग पर भी पड़ेगा।ऑटो इण्डस्ट्री में करीब 2 अरब डालर के नुकसान का अनुमान है। विशेषज्ञ कह रहे हैं कि कोरोनावायरस संक्रमण एवं लॉकडाउन से प्रभावित भारतीय अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए कम से कम 10 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज की जरूरत है।
कोरोनावायरस संक्रमण ने बदली जीवनशैली
कुछ महीने या साल जो भी लगे कोरोनावायरस संक्रमण तो थम ही जाएगा लेकिन यह लोगों के जीवन जीने के तरीके को बदल चुका होगा। कुछ आदतें तो लोग खुद अपना लेंगे और कुछ सरकार और पुलिस समझा देगी। समाज में कुछ शब्द प्रचलन में भी आ गए हैं। जैसे सोशल डिस्टेन्सिंग, क्वारेनटाइन, आइसोलेशन, लॉकडाउन, कोरोमियल्स आदि। जाहिर है अब लोगों को आपस में फासला रखना होगा, हर दूसरे पर शक करना होगा ? गले मिलना तो दूर हाथ मिलाने में भी परहेज करना पड़ेगा ? यदि साम्प्रदायिक समूहों का वर्चस्व रहा तो व्यक्ति इन्सान कम हिन्दू-मुसलनमान के रूप में ही पहचाना जाएगा। लोगों के रोजमर्रा के जीवन में जिन नए उत्पादों का महत्व बढ़ गया है उनमें सेनिटाइजर, मास्क, ग्लब्स (दस्ताने), पर्सनल प्रोटेक्शन किट (पीपीई), गन थर्मामीटर आदि अब हर मध्यवर्गीय परिवार में आवश्यक रूप से रखे जाने लगेंगे। याद कीजिए दुनिया में एचआईवी/एड्स संक्रमण के स्थापित होते ही (सन् 1980 के बाद) चिकित्सा में डिस्पोजेबल उपकरण, कोन्डोम आदि जीवन के आवश्यक अंग बन गए हैैं। ऐसे ही अब जब आप कहीं जाएंगे तो आपको अपना हाथ और शरीर सेनेटाइज करना होगा। शायद आप न हाथ मिला पाएं, न गले मिल सकें और प्यार का चुम्बन तो आपके लिए मुश्किल ही हो जाए।

बदली रोगों की प्राथमिकताएं
कोरोनावायरस संक्रमण के इस भयावह दौर में अस्पतालों में रोगों और मरीजों की प्राथमिकताएं बदल जाएंगी। आकस्मिक एवं गहन चिकित्सा विभाग में संक्रामक रोगों का विभाग अलग से लगभग सभी अस्पतालों में बनाया जाएगा। चिकित्सक अब कोरोना संक्रमण को अन्य रोगों की तुलना में ज्यादा अहमियत दिया करेंगे। अस्पतालों के अपने रोग और उपचार की व्यवस्था में जन स्वास्थ्य को ज्यादा महत्व देना होगा। कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, पेट के रोग, किडनी, लीवर के लोग, मानसिक रोग आदि से भी ज्यादा अब कोरोनावायरस संक्रमण व वायरस संक्रमण को अहमियत दी जाएगी। सभी निजी और सरकारी अस्पताल अब अपने यहां ज्यादा से ज्यादा वेंटिलेटर, आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड आदि की व्यवस्था में लग गए हैं। चिकित्सकों के निजी क्लीनिक भी मरीजों के बैठने की जगह को बदला जाना जरूरी होगा। मरीजों को मास्क पहनना लगभग अनिवार्य कर दिया जाएगा। कहीं भी थूकना गम्भीर अपराध की श्रेणी में डाला जा सकता है। क्लीनिक या अस्पतालों में प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्कैनर लगाए जाएगें। विशेषज्ञों के चयन की प्राथमिकता बदल जाएगी।देखा जा रहा है कि इमरजेंसी मेडिसीन एवं महामारी विशेषज्ञों का महत्व अचानक बढ़ गया है। अस्पतालों व क्लीनिक के बाह्य मरीज विभाग (ओपीडी) का प्रतीक्षा कक्ष नए रूप में तैयार किया जा रहा है ताकि मरीज आपस में पर्याप्त दूरी सुनिश्चित कर सकें ? कई शहरों के अस्पतालों में मरीजों के बैठने और बिस्तरे की व्यवस्था में साम्प्रदायिक विभाजन को अहमियत दिया जा रहा है। अब आप जब भी अस्पताल या चिकित्सक के पास परामर्श के लिए जांगे तो सम्भवतः आपको यह घोषणा पत्र भरना होगा कि आप हाल-फिलहाल में कहीं विदेश यात्रा से तो नहीं लौटे ?
महामारी अधिनियम 1897
कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से देश में लॉकडाउन की पृष्ठभूमि में जिस अहम कानून/अधिनियम की मुख्य भूमिका है वह है महामारी अधिनियम 1897।123 वर्ष पुराना यह अधिनियम पहली बार अंग्रेजों के जमाने में लागू किया गया था। जब पूर्व बम्बई स्टेट में उसी वर्ष बूबोनिक प्लेग ने महामारी का रूप लिया था। इस अधिनियम की केवल चार धाराएं हैं और इसका उपयोग तब किया जाता है जब राज्य या देश पर कोई बड़ा संकट आने वाला हो या कोई खतरनाक बीमारी/महामारी देश में प्रवेश कर चुकी हो। कोरोनावायरस संक्रमण (कोविड-19) से निबटने के लिए केन्द्र सरकार ने इस अधिनियम की धारा 2 को लागू करने का निर्देश राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को दिया है। इस अधिनियम की धारा 2 में ‘लॉकडाउन’, लागू करने, लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर आईपीसी की धारा 188 के तहत सजा देने का प्रावधान है। इस अधिनियम के तहत सरकार को यह अधिकार है कि वह व्यक्ति या व्यक्तियों के समूह (जो महामारी से ग्रस्त हैं) को किसी अस्पताल या अस्थाई आवास में रख सके। इसी अधिनियम में सरकारी आदेश नहीं मानने वाले व्यक्ति को 6 माह तक के कारावास तथा जुर्माने का प्रावधान है। इस अधिनियम में सरकारी कर्मचारी एवं पुलिस को कार्यपालन के लिए कानूनी सुरक्षा का भी प्रावधान है। यह अधिनियम 1897 के अलावा, 1959 में उड़ीसा के पुरी जिले में तथा 2009 के पूणे में, 2015 में चण्डीगढ़ में, 2018 में गुजरात के वडोदरा जिले में लगाया जा चुका है। इन दिनों पूरे देश में यह अधिनियम 3 मई तक (फिलहाल) लागू हो चुका है।
कोरोनावायरस संक्रमण काल की परिस्थितियाँ
 कोरोनावायरस संक्रमण ने रोग और महामारी के प्रति मानवीय समाज को नए रूप में जीने को बाध्य कर दिया है। अब तक किसी भी घातक महामारी या बीमारी के फैलने पर राज्य और पुलिस की इतनी केन्द्रित और सशक्त भूमिका आम लोगों ने नहीं देखी थी।
अभी पहली बार जब पूरे देश में वैश्विक महामारी कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से ‘लॉकडाउन’ को कड़ाई से लागू किया गया तो पता चला कि नागरिकों के निजता के कानूनी प्रावधान इस महामारी अधिनियम 1897 के सामने बौने हैं। निजका अधिकार भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन का अधिकार और निजी स्वतंत्रता के अधिकार का मूलभूत हिस्सा है। यह संविधान के भाग 3 के तहत प्रदत्त आजादी का ही हिस्सा है। इसके अनुसार किसी भी व्यक्ति को विधि द्वारा स्थापित प्रक्रिया के अतिरिक्त उसके जीवन और शरीर की स्वतंत्रता व अधिकार से वंचित नहीं किया जा सका। हालांकि संविधान के अनुच्छेद 352 के अनुसार राष्ट्रीय आपातकाल में अनुच्छेद 358, 359 राष्ट्रपति को यह अधिकार देता है कि वह मौलिक अधिकार का निलम्बन कर दे लेकिन अनुच्छेद 20 और 21 में दिए गए अधिकार किसी भी दशा में वापस नहीं लिये जा सके। आज महामारी अधिनियम 1897 तथा बहुमत प्राप्त केन्द्र सरकार की गतिविधियों की समीक्षा करें तो स्पष्ट दिखेगा कि सरकार पुलिस की मदद से देश में कोई भी कड़ा कदम भी उठा सकती है?
कोरोनावायरस संक्रमण के बाद का भारत
 कोरोनावायरस संक्रमण के कम होते ही दुनिया धीरे धीरे चलने लगेगी। इस बीच सरकार द्वारा उठाए गए बहुत से तात्कालिक कदम लोगों की जिन्दगी का हिस्सा बन जाएंगे। सत्ता में काबिज सरकार अपने मन मुताबिक निर्णय तेजी से लेगी बगैर विपक्ष या लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की परवाह किये। लोगों और सरकार के काम करने के तरीके बदल जाएंगे। ज्यादातर स्कूल, कॉलेज और नौकरियां ‘ऑन लाइन’ हो जाएंगी। मोबाइल, कम्प्यूटर के आपके डाटा सरकारी सर्विलांश पर होंगे। नागरिक अधिकारों के लिये जन संगठनों का सामूहिक लोकतांत्रिक प्रतिरोध राष्ट्र विरोधी ठहरा दिये जाएगा जिसे अधिकांश सम्पन्न मध्यवर्ग और पूंजीपतियों का समर्थन होगा। गुट निरपेक्ष देशों, क्षेत्रीय सहयोग की जगह एकीकृत वैश्विक व्यवस्था को मजबूत करने का पूरा प्रयास होगा। राज्यों की शक्तियां घटा दी जाएंगी और लोकतंत्र के नाम पर कथित राष्ट्रवादी एकीकृत राजनीति और मजबूत होगी। लोकतंत्र का दायरा सिमटेगा। वैश्विक महामारी (पान्डेमिक) के दौर में सभी व्यक्तियों को कुछ नियामों का पूरी तरह पालन करना होता है। इसके लिये सरकार लोगों की निगरानी करती है और नियम तोड़ने वाले को दण्ड देती है। इसके लिये आपके आधार नम्बर, मोबाइल नम्बर एवं कम्प्यूटर डाटा अहम भूमिका निभाएंगे। आपके इर्द-गिर्द लगे कैमरे आपकी बराबर निगरानी करेंगे और तकनीक के सहारे सरकार जब चाहेगी आपको पकड़ लेगी और उनके नियंत्रण के जो भी उपाय किये हैं वह जल्द खत्म नहीं होंगे और आप पुलिस के माध्यम से सरकार के हर अच्छे-बुरे आदेश को मानने के लिये बाध्य किए जाएंगे। अब सरकार से सवाल पूछने की गुंजाइश भी बहुत कम रह जाएगी। वैश्विक स्तर पर सत्ता का नियंत्रण सबसे ज्यादा ताकतवर देश के पास होगा और राष्ट्रीय स्तर पर आपकी सरकार शक्तिशाली होगी। लोकतंत्र की परिभाषा अब ‘‘जनता का जनता के द्वारा जनता के लिये शासन” की बजाय ‘‘जनता के लिये सरकार का शासन” होगा जिसमें विपक्ष लगभग मौन होगा। तो आप तैयार हैं न इस नई शासन व्यवस्था के लिये ?

Monday, April 6, 2020

कोरोना वायरस से क्यों कांप रही है दुनिया


कोराना वायरस का नाम अब किसी परिचय का मोहताज नहीं है। दुनिया का कोना-कोना अब कोरोना से वाकिफ है। वैश्वीकरण यहाँ साफ तौर पर साकार दिखता है। बीमारी, बीमारी की समझ, बीमारी से बचाव, बचाव के मध्यवर्गीय तरीके सब अब लोगों की जुबान पर हैं। इसलिए अब कोरोना पर यदि कुछ कहना है तो मैं चाहूंगा कि आप कोराना वायरस की संरचना को पहले समझ लें फिर इससे जुड़े कुछ ऐसे पहलू जिस पर ज्यादा बातें नहीं हो रहीं।
कोराना वायरस दरअसल कई विषाणुओं का एक समूह है जो पक्षियों और मनुष्यों में रोग उत्पन्न करता है। यह आरएनए वायरस है। आरएनए वायरस यानि इसके अनुवांशिक जीनोम का निर्माण आरएनए नाभिकीय अम्ल से हुआ है। यह आरएनए नाभिकीय अम्ल के मोनोमर न्यूक्लियोटाइड द्वारा सम्बन्धित जीव के अनुवांशिक सूचना की प्रतिलिपि करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस वायरस संक्रमण में व्यक्ति का श्वसन तंत्र प्रभावित होता है जिसकी वजह से जुकाम, खांसी, श्वास में दिक्कत और मृत्यु तक हो जाती है। इसकी रोकथाम के लिए अभी तक कोई टीका उपलब्ध नहीं है। इसलिए कोराना वायरस संक्रमण हो जाने पर केवल बुखार, जुकाम, डीहाइड्रेशन का ही इलाज किया जाता है ताकि शरीर की जीवनी शक्ति बनी रहे। चीन के वुहान शहर में उत्पन्न इस वायरस को ‘‘नोवेलकोराना वायरस 2019’’ का नाम दिया गया है। संक्षेप में इसे ‘‘कोविड-19’’कहते हैं। कोराना वायरस की सूक्ष्मदर्शी संरचना क्राउन की तरह है इसलिए इसे ‘‘कोरोना’’ नाम दिया गया। बताते हैं कि यह वायरस चीन के हुआनान शहर के सी फूड बाजार से आया।
माइक्रोबायोलोजी के अध्येता जानते हैं कि वायरस दरअसल प्रोटीन की झिल्ली में कैद आरएनए अथवा डीएनए के छोटे-छोटे टुकड़े होते हैं। ये स्वयं प्रजनन में अक्षम होते हैं इसलिए ये दूसरे जीवों की कोशिकाओं में घुसकर उस कोशिका के आन्तरिक मशीनरी पर कब्जा कर तेजी से अपनी वृद्धि करने लगते हैं। इस प्रक्रिया को रेटिक्यूलेशन कहा जाता है। इस तरह से वे अपना विस्तार कर उस जीव या मनुष्य के जीवन को खत्म कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि पृथ्वी पर 10 टू द पावर 31 यानी 10 के आगे 31 शून्य की संख्या में वायरस हैं। यह संख्या ब्रह्मांड में सितारों की संख्या से भी लाखों गुणा ज्यादा है।

तो आप समझ रहे होंगे कि कोराना वायरस इतना खतरनाक क्यों है? कोराना वायरस को लेकर एक भ्रम यह है कि यह वायरस हवा में या ठोस सतह पर कई घंटों तक जीवित रह सकता है। इस सम्बन्ध में न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में ताजा अंक में एक अध्ययन प्रकाशित हुआ है। अध्ययन के अनुसार कोराना वायरस (कोविड-19) जमीन, धातु, प्लास्टिक की सतहों और हवा में कई घंटे तक जीवित रहता है। अध्ययन में दावा किया गया है कि यह वायरस एरोसोल में तीन घंटे तक, तांबे पर चार घंटे तक, लकड़ी पर चौबीस घंटे तथा प्लास्टिक और स्टेनलेस स्टील पर दो से तीन दिनों तक जीवित रह सकता है।
अध्ययनकर्त्ता जेम्स लॉयड स्मिथ एवं परिस्थितिकी तथा विकासवादी जीव विज्ञान के यूसीएलए प्रोफेसर के अनुसार यह वायरस मनुष्य के सम्पर्क में आने पर काफी संक्रामक हो जाता है। इसलिए इस वायरस संक्रमण से बचने के लिए बार-बार हाथ धोना जरूरी है। अध्ययनकर्त्ता यह भी बताते हैं कि इस वायरस संक्रमण को शुरू में पता लगाना आसान नहीं है क्योंकि अधिकांश मामले में लम्बे समय तक इसके लक्षण दिखाई नहीं देते। यह वायरस अभी भी चिकित्सा विज्ञान के लिए एक पहेली ही है। कोराना वायरस से पूरी दुनिया में मरने वालों की संख्या 62 हजार को पार गई है। (यह आंकड़ा विश्व स्वास्थ्य संगठन की वेबसाइट पर 5 अप्रैल 2020 तक का है)। कोराना वायरस को एक जैविक हथियार के रूप में भी देखा जा रहा है। इस सम्बन्ध में कई अन्तर्राष्ट्रीय समाचार पत्र अलग-अलग खबरें दे रहे हैं। ‘‘वाशिंगटन पोस्ट’’ के अनुसार यह वायरस चीन के जैविक युद्ध कार्यक्रम का एक हिस्सा था जो गलती से प्रयोगशाला के बाहर आ गया लेकिन अमरीका की ही दूसरी प्रतिष्ठित पत्रिका ‘‘फारेन पालिसी’’ ने इन अटकलों को बकवास बताया है। चीन ने भी अपने किसी घातक जैव शोध कार्यक्रम से इनकार किया है। वैसे चीन के वुहान में ष्वुहान इन्स्टीच्यूट ऑफ वायरोलोजीष् हैए जहां घातक विषाणुओं से लड़ने के लिये टीका बनाने में वैज्ञानिक सक्रिय हैं। इस संस्थान में जानलेवा वायरसों पर शोध तो होता ही है। इजराइल के खुफिया सैन्य अधिकारी डैनी शोहम का शक भी यही है कि वुहान इन्स्टीच्यूट में चीन गोपनीय जैव युद्ध कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियां करता है। एक सच यह भी है कि जैविक हथियारों के खतरे के बीच अभी तक जैविक हथियारों को बनानेएभंडार करने, प्रतिबन्धित करने आदि को लेकर कोई अन्तर्राष्ट्रीय व्यवस्था नहीं है। इसलिए चीन पर जैविक हथियार सम्बन्धी आरोपों की कोई जांच की गुंजाइश नहीं लगती। चीन सहित अमरीका, रूस, जैसी सभी बड़ी ताकतें जैविक हथियार संधि के पालन की जांच व्यवस्था को स्वीकार करने को तैयार ही नहीं हैं क्योंकि ये सभी देश जैविक हथियारों को बनाने और परीक्षण में स्वयं लगे हैं। अब कोराना वायरस के आक्रमण से यह डर ताजा हो गया है कि कभी भी कोई भी आतंकवादी संगठन इस हथियार को प्राप्त कर दुनिया को तबाह कर सकता है।
कहने को जैव हथियारों के इस्तेमाल को प्रतिबन्धित करने के लिए 1925 में ही जिनेवा में एक सन्धि हुई थी लेकिन इसमें जैव हथियारों के विकास और भंडारण को लेकर कोई स्पष्टता नहीं थी। बाद में सन् 1972 में ये प्रस्ताव इस सन्धि में जुड़े और 26 मार्च 1975 को इसे लागू किया गया। अगस्त 2019 तक इस सन्धि पर 183 देशों ने भी इस्ताक्षर कर दिये लेकिन जब बड़े देश ही इस सन्धि की कोई परवाह नहीं कर रहे तो क्या कहा जा सकता है।
बहरहाल कोराना वायरस संक्रमण एक खतरनाक संक्रमण है क्योंकि यह बहुत धीरे-धीरे पनपता है और शरीर में पहुंचकर कर तेजी से शरीर की जीवनी शक्ति को नष्ट करने लगता है और अन्ततः व्यक्ति की मौत हो जाती है। कोराना वायरस संक्रमण का स्टेज-3 दुनिया या किसी भी देश के लिए ज्यादा मारक है क्योंकि इसमें एक व्यक्ति से दूसरे में संक्रमण फैलने की सम्भावना प्रबल होती है इसलिए ‘लाकडाउन’ को इसके बचाव का हथियार बताया गया है। ‘‘सोशल डिस्टेन्सिंग’’ की भी बात है जिसका मतलब है कि व्यक्ति आपस में एक दूरी (कम से कम 1 मीटर) बनाकर रहें। मैं इसे ‘‘फिजीकल डिस्टेन्सिंग’’;भौतिक दूरीद्ध कहूंगा। ‘‘सोशल डिस्टेन्सिंग’’ का अर्थ तो घातक है। भारतीय समाज में वैसे ही भेदभाव बहुत गहरा है इसलिए केवल शारीरिक एवं भौतिक दूरी बनाएं, सामाजिक सम्बन्ध, व्यवहार कायम रखें क्योंकि जब सामूहिक रूप से मौत सामने हो तो आपकी सामाजिकता ही आपको जीने के लिए संजीवनी का काम करेगी। एक दो मनुष्य भले मर जाएं लेकिन मानवता बचनी चाहिए। यही प्रकृति का संदेश भी है। कोराना वायरस एक चुनौती है और संदेश भी। क्या आप इसे समझ रहे हैं?

Friday, April 3, 2020

वायरसों की अनोखी दुनिया


जो अदृश्य है उस पर सहसा विश्वास नहीं होता। उसे देखने के लिए या तो दर्शन की दिव्य दृष्टि चाहिए या इलेक्ट्रान अथवा आप्टिकल माइक्रोस्कोप। प्राचीन धर्म ग्रन्थों का तो मुझे पता नहीं लेकिन सन् 1675 में हालैण्ड के एक साधारण व्यापारी ‘‘एंटनी वान लिउनहुक’’ ने कांच को घिस कर एक माइक्रोस्कोप बना डाला तब दूध से दही बना देने वाला बैक्टीरिया देखा जा सका था। जैसे-जैसे शोध और यंत्रों का विकास हुआ वैसे वैसे पता चला कि जितना अनन्त आकाश है, उतनी ही विशाल है सूक्ष्मजीवों की दुनिया। माइक्रोस्कोप के आविष्कार के लगभग 200 साल बाद सन् 1880 में यह सिद्ध हो पाया कि कुछ जानलेवा रोग जीवाणुओं के संक्रण से होते हैं। यह जानकारी दी जर्मन चिकित्सक राबर्ट कॉक तथा फ्रांसीसी रसायन शास्त्री लुई पॉस्चर ने।
फिर 1792-1798 के दौरान एक अन्य तरह के जीव की भी खोज हुई। यह आकार में बैक्टीरिया से भी छोटा था। इसे वायरस (विषाणु) कहा गया। यह एक सूक्ष्म कोशिका का और भी सूक्ष्म हिस्सा है। यह अपना प्रजनन खुद कर सकता है यदि इसे कोई जीवित कोशिका मिल जाए। बीमारियों के स्रोत रोगाणु हैं यह जानकारी मिलने के बाद अनेक नई जानकारियां सामने आने लगीं। कई तरह के सूक्ष्मजीव, फफूंद, परजीवी कीट आदि का पता चला। यह भी पता चला कि तब हैजा और प्लेग से जो लाखों जानें जाती थीं उसमें इन सूक्ष्मजीवों की ही भूमिका थी।
अब आइये जान लें कि इन सूक्ष्मजीवों के लिए कैसी परिस्थितियां और वातावरण जिम्मेवार हैं। याद कीजिए सन् 1817-1824 के बीच भारत के बंगाल में भयानक हैजा फैला था। इसे ‘‘एशियाटिक कालेरा’’ का नाम दिया गया। यह महामारी साम्राज्यवाद के जहाज पर सवार होकर योरोप पहुंची। सन् 1830 में दुनिया भर में कालेरा से लाखों लोग मर रहे थे। सन् 1848-1854 के दौरान लन्दन कई बार हैजे की चपेट में आया। अब तक चिकित्सकों को हैजा का असल कारण पता ही नहीं था। हैजे के जीवाणु की पहचान तो 1886 ईसवी में जर्मनी में हुई। इसके पहले योरोप के लोग इस बीमारी का कारण दूषित हवा को मानते थे। इसे ‘मयाज्म’ कहा गया। मयाज्म को यूनानी भाषा में प्रदूषण कहते हैं। लेकिन लन्दन के चिकित्सक डॉ. जान स्नो ने बताया कि हैजा हवा से नहीं दूषित पानी से फैलता है। हालांकि उस समय ब्रिटिश सरकार ने डॉ. स्नो की खोज को नहीं माना लेकिन बाद में आगे चलकर उन्हें आधुनिक महामारी विज्ञान का जनक माना गया।
अब वापस अपने मूल विषय पर लौटें।वायरस या विषाणुओं की अपनी दुनिया है, अपना परिवार है, अपनी व्यवस्था है।लेकिन इनकी मजबूरी है कि ये केवल जीवित कोशिकाओं में ही अपना प्रसार कर सकते हैं।ये नाभिकीय अम्ल और प्रोटीन से मिलकर गठित होते हैं।जीवित शरीर से बाहर इनकी कोई हैसियत नहीं लेकिन जीवित कोशिकाओं या शरीर मिलते ही ये सक्रिय हो जाते हैं।वायरस सैंकड़ों वर्षों तक यों ही सुषुप्त अवस्था में रह सकते हैं और जब भी ये किसी जीवित कोशिका या जीव के सम्पर्क में आते हैं तो उस जीव की कोशिका में घुस कर उसके आर एन ए और डी एन ए की जेनेटिक संरचना को अपनी जेनेटिक संरचना में बदल देते हैं। फिर यह संक्रमित कोशिका अपने जैसे संक्रमित कोशिकाओं का पुनरुत्पादन शुरू कर देती है। विषाणु या वायरस ‘‘विष’’ से बना शब्द है। सबसे पहले 1796 में एडवर्ड जेनर ने पता लगाया कि चेचक (स्माल पॉक्स) वायरस के कारण होता है। उन्होंने इसके टीके का भी आविष्कार किया। इसके बाद सन् 1886 में एडोल्फ मेयर ने बताया कि तम्बाकू (पौधे) में मोजेक रोग एक विशेष वायरस की वजह से होता है। इसे टोबैको मोजेक वायरस का नाम दिया गया।
ऐसा नहीं है कि वायरस महज जानलेवा और हानिकारक ही होते हैं। इनमें लाभदायक वायरस भी हैं। ये जीवाणु-भोजी वायरस होते हैं। ये हैजा, टायफायड, पेचिस जैसे रोग उत्पन्न करने वाले जीवाणुओं कोनष्ट कर मानव जीवन की रक्षा भी करते हैं। पोलियो वायरस, एचआईवी वायरस, एन्फ्लूएन्जा वायरस रोग/महामारी उत्पन्न करने वाले प्रमुख वायरस हैं। ये शारीरिक सम्पर्क, वायु द्वारा, भोजन एवं जल द्वारा युक, म्युकस या मुंह मार्ग द्वारा शरीर में पहुंचते हैं।
अब आइये फिलहाल चर्चित और देशव्यापी लॉकडाउन की वजह बने कोराना वायरस की चर्चा की तरफ बढ़ते हैं। कोरोना वायरस को लेकर लोगों में यह भी चर्चा है कि यह एक ‘‘विनाशकारी जैविक हथियार’’ बनाने की प्रक्रिया में हुई चूक का परिणाम हो सकता है। उल्लेखनीय है कि अभी बीते हफ्ते सऊदी अरब में जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन में वैश्चिक महामारी से निपटने के उपायों पर कार्ययोजना लाने की आम सहमति बनी और इसी के तुरन्त बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने जैविक और घातक हथियार संधि (बीटी डब्लूसी) लागू होने की 45वीं वर्षगांठ पर जैविक हथियारों पर प्रतिबन्ध लगाने की फिर से मांग की। हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने कोई विस्तृत ब्यौरा नहीं दिया लेकिन कोराना वायरस के प्रभाव के मद्देनजर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) की संस्थागत मजबूती और अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। कोरोना वायरस को लेकर चीन पर ‘‘जैविक हथियार’’ का आरोप लग रहा है लेकिन अमरीका समेत कई देशों के वैज्ञानिक शोध में दावा किया गया है कि यह वायरस प्राकृतिक है। इस शोध और दावे को ‘‘नेचर’’ मेडिकल जर्नल के ताजा अंक में प्रकाशित किया गया है। इसे अमरीका के नेशनल इन्स्टीच्यूट ऑफ हेल्थ, ब्रिटेन के वेलकम ट्रस्ट, योरोपीय रिसर्च काउन्सिल तथा आस्ट्रेलियन लारेट काउन्सिल ने भी प्रमाणित किया है। स्क्रीप्स इन्स्टीच्यूट के एसोसिएट प्रोफेसर क्रिस्टीन एंडरसन ने पुष्टि की है कि यह एक प्राकृतिक वायरस ही है जिसे कोविड-19 (कोराना वायरस डिजिज-2019) का नाम दिया गया है।

Saturday, March 7, 2020

घातक कोरोना संक्रमण का दूसरा पहलू



दुनिया भर में कोरोना वायरस रोग (सीओवीआईडी-19) से लगभग एक लाख से भी ज्यादा लोगों के संक्रमित होने और 3000 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद अब विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) भी मान रहा है कि यह संक्रमण अब न केवल वैश्विक महामारी का रूप ले चुका है बल्कि यह और तेजी से फैल सकता है और लाखों नये लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं। अब तक 70 से भी ज्यादा देशों में फैले कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर भारत में चिता इसलिये अधिक है कि भारत में आबादी घनत्व (455 व्यक्ति प्रति किलोमीटर), चीन के मुकाबले 3 गुणा और अमरीका के मुकाबले (36 व्यक्ति प्रति किलोमीटर) 13 गुणा है। इस वायरस से पीड़ित व्यक्ति महज कुछ फीट की दूरी पर खड़े 2 से 3 व्यक्ति को प्रभावित करता है। इसके अलावा भारत में लोग आदतन भी ऐसी संक्रामक बीमारियों में भी एहतियात नहीं बरतते। यह तो कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ा इनसानी जिन्दगी और उसके सेहत की बात है लेकिन इसका एक दूसरा पहलू है कि इस वायरस ने दुनिया भर के बाजारों की पल्स रेट को काफी नीचे ला दिया है। अर्थशास्त्रियों के अनुमान के अनुसार भारत से लेकर अमरीका तक के शेयर बाजारों में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है।
अन्तरराष्ट्रीय पत्रिका ‘‘द इकोनोमिस्ट’’ के ताजा आंकड़ों में कई अन्तरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दावा किया है कि कोरोना वायरस संक्रमण को काबू करने के रास्ते लगभग बन्द हो चुके हैं। चीन से फैले इस खतरनाक वायरस के संक्रमण को ‘सख्ती’ से रोकना चीन में तो सम्भव हो गया लेकिन भारत सहित अन्य देशों में मुश्किल यह है कि यहां अफवाहों में जीने वाले लोगों/समूहों की भरमार है और उनमें सही-गलत को पहचानने की क्षमता भी कम है मसलन कोरोना वायरस संक्रमण के फैलने को काबू करना आसान नहीं होगा। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ मानते हैं कि इस वायरस में मृत्यु दर (3.4 प्रतिशत) व अन्य वायरस में मृत्युदर से कम है इसलिये संक्रमण के बाद लोगों के जीवित रहने की सम्भावना तुलनात्मक रूप से ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू (0.02 प्रतिशत), इबोला (40.40 प्रतिशत), मर्स (34.4 प्रतिशत) तथा सार्स (9.6 प्रतिशत) की मृत्यु दर से कोरोना वायरस की मृत्युदर काफी कम है।
कोरोना वायरस संक्रमण (सीओवीआईडी-19) को दुनिया भर में आर्थिक विकास का सबसे बड़ा रोड़ा माना जा रहा है। ‘आक्सफोर्ड इकोनोमिक्स’ ने आशंका जताई है कि कोरोना वायरस संक्रमण वैश्विक महामारी का रूप ले चुका है और यह वैश्विक विकास दर का 1.3 प्रतिशत कम कर सकती है। ‘‘डन एण्ड ब्रैडस्ट्रीट’’ ने भी अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि चीन से शुरू कोरोना वायरस के संक्रमण का असर जून महीने तक बने रहने की संभावना है और इसकी वजह से वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर एक फीसद नीचे आ सकती है। रिपोर्ट के अनुसार इस वायरस का असर चीन की अर्थव्यवस्था के ऊपर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। चीन में स्थित दुनिया की 2.2 करोड़ कम्पनियां 50 से 70 प्रतिशत के घाटे में हैं। चीन में कोरोना के घातक असर का भारत की अर्थव्यवस्था पर गम्भीर परिणाम के संकेत हैं। हालांकि भारत सरकार दावे कर रही है कि इसका उसकी अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर नहीं होगा।
चीन के कोरोना वायरस संक्रमण का भारत के दवा बाजार पर गम्भीर असर की आशंका यहां के फार्मा कम्पनियों के सीईओ को सताने लगी है। वर्ष 2018-19 में भारत का एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएन्ट्स (एपीआई) और बल्क ड्रग भारत आयात 25,552 करोड़ रुपये था जिसमें चीन का हिस्सा 68 प्रतिशत था। विगत तीन वर्षों में फार्मा सेक्टर में भारत की चीन पर निर्भरता 23 प्रतिशत बढ़ी है। एपीआई पर लो-प्राफिट मार्जिन के कारण भारतीय फार्मा इन्डस्ट्री एपीआई का आयात कर यहां दवा बनाकर दूसरे देशों को निर्यात करती है। अमरीकी बाजार को ड्रग्स आपूर्ति करने वाली 12 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग साइट्स भारत में हैं और भारतीय कम्पनियों का एपीआई स्टाक अब समाप्त हो गया है। दवा उद्योग के साथ-साथ यही स्थिति लगभग सभी अन्य कम्पनियों की भी है। चीन के बुआश शहर में जहां से कोराना का संक्रमण फैला वहाँ की एक करोड़ से ज्यादा अन्तरराष्ट्रीय कम्पनियों में शटडाउन चल रहा है।
कोरोना वायरस से वैश्विक अर्थव्यवस्था और चीन कैसे प्रभावित है इसे समझने के लिये 2003 को याद करें। सन् 2003 में एक घातक वायरस संक्रमण सार्स (सिवियर एक्यूट रेसीपरेट्री सिन्ड्रोम) की वजह से लगभग 8000 लोग संक्रमित थे और दुनिया भर में कोई 800 लोगों की मौत हो गई थी। उस वर्ष चीन की विकास दर 0.5 से 1 प्रतिशत कम हो गई थी। वैश्विक अर्थव्यवस्था को 40 बिलियन डालर (2.8 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ था। सार्स संक्रमण के समय चीन दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी और वैश्विक जीडीपी में उसका योगदान केवल 4.2 प्रतिशत था। अब चीन विश्व की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था है और ग्लोबल जीडीपी में उसका योगदान 16.3 प्रतिशत है। जाहिर है कि चीन में बिगड़ी अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर असर डालेगी।
कोरोना वायरस संक्रमण (सीओवीआईडी-19) के भयावह प्रभाव, उससे प्रभावित विश्व और इससे बचाव की चर्चा में एक चर्चा यह भी है कि इसकी वजह से कई सामानों की कीमतें घटी हैं। मार्केट रिसर्च कम्पनी जे पी मार्गन कह रहा है कि कोरोना की वजह से तेल की सप्लाई चीन से कम होने का फायदा भारत को मिलेगा क्योंकि इससे भारत से तेल का निर्यात बढ़ेगा। सच्चाई इससे उलट है। वास्तव में भारत तेल का आयातक देश है। ऐसे में यह दावा टिकाऊ नहीं लगता। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के भौंडे दावे भी देश में चर्चा में हैं और सोशल मीडिया पर लोगों में गलतफहमी फैला रहे हैं। कोई गोमूत्र सेवन की सलाह दे रहा है तो कोई गोबर स्नान की बात कह रहा है। इस लेख के माध्यम से मैं प्रबुद्ध पाठकों/नागरिकों से निवेदन करूंगा कि ऐसे बेवकूफी और वाहियात बातों में न फंसे और तार्किक समाधान और जानकारियों को ही महत्व दें।
कोरोना वायरस संक्रमण दरअसल कथित आध्ुनिक सभ्यता में झटपट विकास और तुरन्त मुनाफे के लालच में अपनाए जा रहे दोषपूर्ण जीवन शैली का रोग है। यह रोग प्रकृति के खिलाफ महज तात्कालिक सुविधा और बढ़ती मांशाहार की प्रकृति का भी प्रतीक है। यह एक चेतावनी भी है कि पशुओं और पक्षियों को महज खाद्य समझने का परिणाम यह भी हो सकता है जिसमें आदमी क्या सभ्यताएं नष्ट हो सकती हैं। याद कीजिये जब सन् 1996 में पागल गाय रोग ;मैड काऊ डिजीजद्ध फैला था तब ब्रिटेन में लाखों गायों को मार कर जला दिया गया था। लेकिन लोगों ने अपनी प्रव्रति नहीं बदली। वे गायों को जीव की बजाय एक मांश उत्पाद समझकर आज भी वैसे ही इस्तेमाल कर रहे हैं जैसे कभी कुछ हुआ ही नहीं हो।
कोरोना वायरस के बहाने एक बात जो महत्त्वपूर्ण है वह यह कि एन्टीबायोटिक दवाओं के आविष्कार और विस्तार के बाद रोगाणुओं ने बढ़ना बन्द नहीं किया। जैसे जैसे चिकित्सा विज्ञान नये एन्टीबायोटिक्स बनाता गया और बैक्टीरिया और वायरस उसके विरुद्ध अपनी प्रतिरोध शक्ति भी बढ़ाते गए। जवाब में दवा कम्पनियों ने भी नई दवाओं पर शोध (?) में निवेश बढ़ा दिया। मामला मुनाफे से जुड़ा है तो इसके प्रचार- प्रचार में कोई कमी का सवाल ही नहीं। अब वायरस और दवा बनाने वाली कम्पनियों में होड़ चल रही है। अमरीकी सूक्ष्म जीव विज्ञान अकादमी मान रही है कि वायरस क्रमिक विकास की प्राकृतिक ताकत से लैस हैं और वे हमेशा बिना रुके बदलते-बढ़ते रहेंगे और दवाओं पर भारी पड़ेंगे? इसलिए इन वायरसों से निबटने का तरीका कुछ नया सोचना होगा। ये वायरस हौआ तो बन गए हैं क्योंकि आज इनका नाम ऐसे लिया जा रहा है मानो ये किसी आतंकवादी संगठन के सदस्य हों। विज्ञापनों में तो इन वायरस को विध्वंसक दुश्मन के रूप में दिखाया जाता है ताकि इन्हें मारने वाले महेंगे रसायन बेचे जा सकें। कोरोना वायरस के मामले में भी यही हो रहा है। आज वायरस के घातक असर से लोगों को बचाने के लिये नये चिंतन की जरूरत है। क्या हम वायरस, उसके प्रभाव, रोग और उपचार की विधि पर स्वस्थ चिंतन और चर्चा के लिये तैयार हैं?

Wednesday, January 22, 2020

Winter and Stroke Risk !

The largest study to date looking at the link between weather and stroke was presented Wednesday at the American Heart Association International Stroke Conference in San Diego. Researchers believe certain changes in weather could act as triggers for a stroke. For the more than 800,000 Americans who suffer a stroke each year, knowing the signs and symptoms, as well as modifiable risk factors, could help reduce permanent damage patients suffer from a stroke. This new research may change the way at-risk patients and caregivers approach changes in weather.

How Weather Plays a Role
Previous studies have found a relationship between winter weather and increased rates of stroke. It has been reported colder weather makes blood vessels constrict, which can increase blood pressure – a major risk factor for stroke. However, researchers have also found the blood tends to thicken and become stickier during extreme cold, which makes it easier to clot. Most strokes are due to blood clotting, which blocks a blood vessel to the brain. Our bodies’ reaction to cold weather tends to put added stress on the heart as we “clamp down” to preserve heat and energy.

Additionally, researchers have discovered humidity also plays a role in our stroke risk. High humidity in the atmosphere can cause some people to become dehydrated, increasing the risk of blood clots forming. Overall, researchers have discovered a pattern of stroke rates – higher in winter months, lower in summer months, with a temporary spike around July.

Changes in Weather
The study presented at the American Heart Association International Conference found that not only cold weather, but also volatile weather, along with high humidity, could land more people in the hospital after suffering a stroke. For every five degrees of temperature variation, the risk of hospitalization due to stroke increased by six percent. As is common in Oklahoma, temperature swings of 10 to 15 degrees one day after the next could increase stroke risk 12 to 18 percent. As humidity rises, so does the stroke risk as well - two percent increase for every five-degree rise in dew point.

Protect Yourself
What does this mean for anyone at high risk for stroke or elderly? Keep a close eye on loved ones, friends and neighbors if they are at a high risk for stroke when extreme weather changes occur, especially in the winter. They should be watching what they eat carefully – limiting the amount of sodium in their diet to less than 1500 milligrams of salt, or about a half a teaspoon of salt. Help regulate body temperature by staying inside – with air conditioning in the summer and heat in the winter.
- A.K.Arun,M.D.(Homoeopathy)

बढ़ती महामारियों के दौर में

  कोरोना वायरस के त्रासद अनुभव के बाद अब देश में एच 3 एन 2 इन्फ्लूएन्जा वायरस की चर्चा गर्म है। समाचार माध्यमों के अनुसार...